मुख्यमंत्री के पत्र के जवाब में चंदेल ने पत्र लिखकर दागे 13 सवाल

रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल को लिखे गए पत्र का नेता प्रतिपक्ष ने सवालों के रूप में जवाब दिया है। इसमें मुख्यमंत्री से 13 सवाल पूछे गए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के हित में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भाजपा दल के मिलने पर मांगें रखने के लिए नेता प्रतिपक्ष को पत्र लिखा था।
चंदेल ने अपने जवाब पत्र में लिखा है- आपका पत्र प्राप्त कर अत्यंत हर्ष हुआ। भाजपा विधायक दल छत्तीसगढ़ के जनहित के मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाते आया हैं और आगे भी जनहित में उठाते रहेंगे किन्तु साढ़े चार साल बाद आपको विधानसभा चुनाव के निकट आते ही राज्य के नागरिकों के हितों की याद आई है।
चंदेल ने जो सवाल पूछे हैं, उसमें पूछा है 2019-20 से अब तक केन्द्र सरकार के द्वारा किन-किन योजनाओं के लिए कितनी कितनी राशि उपलब्ध कराई गई है। जिसे कहां -हां उपयोग किया गया है अवगत कराएं। अब तक राज्य सरकार ने कितना कर्ज लिया है। कर्ज की राशि का ब्याज चुकाने के लिए आपको कितना कर्ज लेना पड़ता है क्या इस पर आप श्वेत पत्र जारी करें। क्या यह बात सत्य है कि राज्य सरकार कोयले में प्रति टन 25 रुपए लेती थी, अब तक कितनी राशि जमा हुई है और उस राशि का कहां-कहां उपयोग किया है। पूर्ण शराबबंदी की घोषणा कब करेंगे।16 लाख गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास मिल जाए इसके लिए राज्य सरकार का अंशदान कब तक प्राप्त होगा। नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी इसके लिए राज्य सरकार द्वारा कितनी राशि बजट में शामिल की गई है। गौठानों में अब तक कितनी गौ माता की हत्या और मौत हुई है, इसके लिए कौन जिम्मेदार है। 10 लाख बेरोजगारों को रोजगार देने का वादा किया था, अब तक कितने को रोजगार उपलब्ध कराया गया है, जिलेवार जानकारी उपलब्ध कराएंगे और अब तक आपने कितने बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता दिया है, इसकी भी जानकारी दें। दो वर्षों में गिरदावरी के नाम से प्रदेश के कितने किसानों की जमीन का रकबा कम किया गया है। साढ़े चार वर्षो में प्रदेश में लगभग 25 हजार से ज्यादा आदिवासी बच्चों की मौत हुई है इसका जिम्मेदार कौन है। इनको पांच-पांच लाख का मुआवजा कब दिया जाएगा। साढ़े चार लाख से ज्यादा अधिकारी, कर्मचारी आंदोलनरत हैं। उनकी मांगें कब तक पूरी होगी। टीएस सिंहदेव के पत्र का जवाब कब देंगे।



