66 दिनों की हड़ताल और वादे का 6 माह बीतने के बाद अब मनरेगा कर्मी फिर करेंगे आंदोलन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मनरेगा कर्मी एक बार फिर आंदोलन के लिए तैयार हो रहे हैं। इन लोगों ने नियमितीकरण की मांग को लेकर 66 दिनों तक अनिश्चितकालीन हड़ताल की थी। यही नहीं दंतेवाड़ा से रायपुर तक 400 किलोमीटर की पदयात्रा करके अपनी मांगें मनवाने की कोशिश की थी। सरकार के मंत्री कवासी लखमा ने मांग पूरी करने का 6 महीना पहले आश्वासन भी दिया था। लेकिन मांगे नहीं माने जाने पर इन लोगों ने फिर आंदोलन की तैयारी शुरु कर दी है।
24 दिसंबर को सभी संभागों में प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी महासंघ ने अपने सभी जिला, ब्लॉक, अध्यक्षों को पत्र जारी कर 24 दिसंबर से प्रदेश के सभी संभागों में प्रदर्शन और रैलियां निकालने की तैयारी की है। इससे पहले महासंघ ने वीडियो कांफ्रेस के माध्यम से एक बैठक की, इसी बैठक में आंदोलन की रणनीति तैयारी की गई है।
मुख्यमंत्री बजट सत्र में करें घोषणा
महासंघ ने कहा है कि 24 दिसंबर शनिवार को पांचों संभागों में एक दिवसीय संभाग स्तरीय प्रदर्शन,धरना, एवं वादा निभाओ रैली निकाली जाएगी। बाद में संभागायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। महासंघ ने मुख्यमंत्री से अपेक्षा की है कि बजट सत्र के दौरान उनकी मांग पूरी करने की घोषणा करेंगे।


