Weather Update: दिल्ली, यूपी और राजस्थान के साथ इन राज्यों में दिखेगा बिपरजॉय का असर

Weather Update: अरब सागर में उठे चक्रवात बिपरजॉय के प्रभाव से दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की वर्षा हो सकती है। पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर ने जानकारी दी है। इसके अलावा मौसम विभाग ने 15 और 16 जून को राजधानी में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।
कराची से चक्रवाती तूफान बिपरजॉय
मौसम विभाग की मानें तो चक्रवात बिपरजॉय के 15 जून की दोपहर तक गुजरात के जखाऊ बंदरगाह के पास मांडवी और पाकिस्तान के कराची से पार करने की उम्मीद है। इस दौरान 125 से 135 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा के साथ तूफान आ सकता है। जहां हवा की गति 150 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।
कहां-कहां होगी बारिश
बता दें कि निजी पूर्वानुमान एजेंसी के मुताबिक 15 जून को अरब सागर में चक्रवात दस्तक देने के बाद जून के तीसरे हफ्ते में राजस्थान, दिल्ली, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। दिल्ली में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आने वाली नमी से दक्षिण-पश्चिमी हवा के कारण हल्की बारिश हो सकती है, जो राजस्थान और दक्षिण हरियाणा को पार करने के बाद दिल्ली पहुंचेगी।
राजधानी में झुलसाने वाली गर्मी
दूसरी तरफ सोमवार को भी दिल्ली में झुलसाने वाली गर्मी पड़ी। दिन भर तेज धूप रही और उमस से लोगों का पसीना भी निकलता रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 42.2 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी 67 से 40 प्रतिशत रहा।
कुछ इलाकों में अवश्य ही लू चल सकती है
नजफगढ़, पीतमपुरा, पूसा और स्पोर्टस काम्प्लेक्स का तापमान 42 डिग्री से ऊपर रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अब आज आकाश साफ रहेगा। दिन में 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो अभी कम से कम एक हफ्ते तक लू चलने के आसार भी नहीं हैं।
देश से जुड़ी बड़ी खबरें यहाँ पढ़ें



