बजरंग दल पर बैन-क्यों गरमाई छत्तीसगढ़ की सियासत - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

बजरंग दल पर बैन-क्यों गरमाई छत्तीसगढ़ की सियासत

मुख्यमंत्री भूपेश ने कहा कहा
भाजपा ने कैसे किया पलटवार

रायपुर(realtimes) बजरंग दल पर प्रतिबंध के संबंध में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा दिए गए बयान को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। दरअसल कर्नाटक विधानसभा चुनाव में वहां कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि सत्ता में आने पर वह बजरंग दल सहित अन्य सांप्रदायिक संगठनों पर बैन लगाएगी। इस संबंध में जब रायपुर में मीडिया ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से सवाल किया तो उन्होंने अपनी बात इस तरह रखी।

सीएम बघेल से छत्तीसगढ़ में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने के विचार पर एक सवाल पूछा गया। इस पर बघेल ने कहा, ‘यहां बजरंगियों ने जो गड़बड़ की है, उसको हम लोगों ने ठीक कर दिया है। जरूरत पड़ी तो छत्तीसगढ़ में भी बजरंग दल पर बैन लगाने का सोचेंगे। अभी कर्नाटक की समस्या के हिसाब से वहां बैन करने की बात कही गई है।’

गरमाई राजनीति

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने कहा- कांग्रेस का असली स्वरूप अब सामने आ चुका है। पहले राम भगवान के जन्म स्थान का प्रमाण मांगा फिर रामसेतु का प्रमाण मांगा,अब बजरंग दल पर सवाल उठा रहे हैं । बजरंगी जिस दिन अपनी पूरी ताकत से सड़कों पर उतर जाएंगे। आपकी इस सोच को कुचलने की ताकत बजरंगी रखते हैं। छत्तीसगढ़ की जनता अब बर्दाश्त नहीं करेगी।

कांग्रेस भाजपा में जुबानी जंग

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि बजरंग दल जैसे संगठन की बजरंग बली से तुलना करने के लिये भाजपा देश की जनता से माफी मांगे। यह हिन्दुओं और देश की जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। बजरंग बली न सिर्फ हिन्दुओं, बल्कि भारत में रहने वाले हर नागरिक के लिये श्रद्धा भक्ति और आदर का केंद्र हैं। उनकी तुलना किसी संगठन से किया जाना निंदनीय है। बजरंग दल आरएसएस और भाजपा की विचारधारा का पोषित संगठन है। यह संगठन न संपूर्ण हिन्दू समाज का प्रतिनिधित्व करता है और न ही यह संगठन बजरंग दल नाम होने मात्र से पवन पुत्र हनुमान जी हो जाता है। किसी भी संगठन को हिन्दुओं के आराध्य से तुलना किया जाना गलत और अस्वीकार्य है। भाजपा को बजरंग दल पर प्रतिबंध से आपत्ति है, तो बजरंग दल पर प्रतिबंध का राजनैतिक विरोध करे, लेकिन उसका पैरोकार बनते-बनते उसकी तुलना भगवान से किया जायेगी, तो इसकी आलोचना की जायेगी।

भाजपा ने किया पलटवार

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ‘बजरंग दल को ठीक कर देंगे’ संबंधी बयान को घोर आपत्तिजनक माना है और कहा कि कालनेमि भी बजरंगबली को ठीक करने निकला था, उसकी क्या गति हुई, यह दुनिया जानती है। श्री साव ने कहा कि बजरंग दल बजरंग बली की तरह चिरंजीवी रहेगा। बजरंग दल बजरंग बली की तरह चिरंजीवी रहेगा। श्री साव ने कहा है कि वास्तव में यह बजरंग दल पर नहीं, अपितु सनातन संस्कृति के रक्षकों पर प्रहार है। हिंदू विरोधी ताकतों का यही एजेंडा रहा है कि जो लोग धर्म प्रचार करें, धर्म की रक्षा का काम करें, उन्हें टारगेट किया जाए और कांग्रेस यही कर रही है। श्री साव ने कहा कि कांग्रेस का यही राजनीतिक चरित्र है कि पहले भगवान श्रीराम को काल्पनिक बताया और अब उनके भक्त शिरोमणि बजरंगबली पर हमला कर रही है।

Related Articles

Back to top button