
रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ में बिजली की खपत ने नई समस्या खड़ी कर दी है। ज्यादा खपत के कारण बिजली संकट पैदा हाे गया है, हालांकि पावर कंपनी यह मानने काे तैयार नहीं है। लेकिन सच्चाई यही है, इसका खुलासा मिनी स्टील प्लांटों में हाे रही बिजली कटौती से हाे रहा है।
मिनी स्टील प्लांट एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल ने पॉवर कंपनीज के चेयरमैन अंकित आनंद और एमडी मनोज खरे से मिलकर अपनी समस्या का समाधान करने की मांग रखी। उद्योगपतियों का पावर कंपनी पर मनमर्जी का भी आरोप है कि बिना बताए कभी भी बिजली कट की जा रही है। पावर कंपनी का कहना है, अचानक हमारे प्लांटाें के साथ एनटीपीसी के प्लांटों में खराबी के कारण बिजली का संकट होने से उद्योगों की बिजली कुछ घंटों के लिए कट करनी पड़ी है। अब सभी प्लांटों के चलने से कटौती बंद की जा रही है।
खपत ज्यादा उत्पादन कम
प्रदेश में इस समय बिजली की खपत आसमान पर चली गई है खपत पांच हजार मेगावाट से ज्यादा है और पावर कंपनी का अपना उत्पादन 24 साै मेगावाट है। बाकी बिजली सेंट्रल सेक्टर से ले रहे हैं। यहां से कंपनी को इस समय 25 सौ मेगावाट बिजली ही मिल पा रही है, जबकि यहां से तीन हजार मेगावाट तक बिजली मिल जाती है, लेकिन एनटीपीसी की चार से पांच यूनिट बंद होने के कारण उससे करीब तीन सौ मेगावाट बिजली कम मिलने से पावर कंपनी को परेशानी हो रही है। इसी कारण से उद्योगों की बिजली को कट करना पड़ रहा है।
प्लांटों को हो रहा नुकसान
स्टील प्लांट एसोसिएशन के महासचिव मनीष धुप्पड़ ने बताया, एक प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को पॉवर कंपनी के चेयरमैन अंकित आनंद, एमडी मनोज खरे और अन्य अधिकारियों से मिलकर अपनी परेशानी बताई है। श्री धुप्पड़ का कहना है, अचानक कभी भी बिजली कटौती करने के कारण प्लांट परेशानी में है। बिजली कटौती के कारण जहां काम बंद होने से मजदूरों को वापस भेजना पड़ रहा है, वहीं भट्टी को वापस जलाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसकी वजह से प्लांटों को घाटा हो रहा है। उन्होंने बताया पिछले दस दिनों से लगातार कटौती हो रही है।
अब मिलेगी पूरी बिजली
पावर वितरण कंपनी के एमडी मनोज खरे ने बताया, केंद्र सरकार द्वारा प्रवर्तित जीएनए व्यवस्था लागू हो जाने और एनटीपीसी एवं प्रदेश के कई उत्पादन संयंत्र तकनीकी समस्या के कारण एक साथ बंद हो जाने तथा पूरे देश में बिजली की मांग के चलते एक्सचेंज पर बिजली न मिल पाने के कारण पिछले पांच-छह दिनों से परेशानी हुई, इसकी वजह से सीमित समय एक-दो घंटे तक उद्योगों में कटौती करना पड़ी। अब राज्य के सभी संयंत्र चल रहे हैं। आज से परेशानी नहीं होगी और उद्योगों को पूरी बिजली मिलेगी।



