छत्तीसगढ़ में भाजपा की बड़ी जीत की ये है वजह...पढ़ें - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

छत्तीसगढ़ में भाजपा की बड़ी जीत की ये है वजह…पढ़ें

रायपुर। छत्तीसगढ़ के विधानसभा के चुनाव में भाजपा काे इतनी बड़ी जीत की कल्पना ताे संभवतः भाजपा नेताओं ने भी नहीं की थी। हालांकि भाजपा नेता जीत का जरूर दावा कर रहे थे, लेकिन जीत ऐसी होगी यह किसी ने नहीं सोचा था। इस जीत के पीछे का कारण देखा जाए ताे किसानों के लिए धान की कीमत के साथ दाे साल का बचा बाेनस और सबसे बड़ी बात महिलाओं के लिए 12 हजार सालाना वाली महतारी वंदन याेजना ही है।

प्रदेश विधानसभा के चुनाव में भाजपा को इस बार जो प्रचंड जीत मिली है, उसके तीन शिल्पकार केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और सह प्रभारी नवीन हैं। इनकी तिकड़ी ने ऐसी रणनीति बनाई जिसके सामने कांग्रेस के सारे दांव फेल हो गए और भाजपा की सत्ता में वापसी हो गई। छत्तीसगढ़ में चुनाव के दो माह पहले की बात की जाए तो कांग्रेस के मुकाबले में भाजपा कहीं नजर नहीं आ रही थी। भाजपा के कार्यकर्ताओं में भी कोई उत्साह नहीं था। हर कोई यह मानकर चल रहा था कि कांग्रेस के सामने भाजपा का टिक पाना संभव नहीं है। ऐसे समय में जब केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में चुनाव की कमान संभालने के बाद यहां पर केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया को ओम माथुर और नितिन नवीन के साथ छत्तीसगढ़ में भाजपा को जीत दिलाने का जिम्मा सौंपा तो इसके बाद सारे समीकरण बदल गए। इस तिकड़ी ने मिलकर ऐसी व्यूह रचना की जिसमें कांग्रेस के सारे दांव फेल हो गए। भाजपा की यह तिकड़ी लगातार जीत के लिए रणनीति बनाती रही। तीनों नेता लगातार प्रदेश में दौरा करते रहे और जानने का प्रयास करते रहे कि ऐसा क्या किया जाए जिससे भाजपा को जीत मिल सके। स्थिति यह रही कि श्री मंडाविया ने अपने को इस कदर झोंका दिया कि वे दीपावली में अपने घर भी नहीं गए और यहां पर रहकर दीपावली मनाई, जबकि चार्टर प्लेन भी यहां पर खड़ा था। वे चाहते तो घर जाकर वापस आ सकते थे, लेकिन दीपावली के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा के कारण वे यहां से हिले भी नहीं।
घोषणापत्र ने बदली बयार
भाजपा का जो घोषणापत्र बनाया गया उसमें किसानों के लिए जहां 31 सौ रुपए में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदने का वादा किया गया, वहीं दो साल का बचा बोनस देने का भी वादा किया गया है। इसी के साथ प्रदेश की हर विवाहित महिला को हर माह एक हजार रुपए के हिसाब से साल में 12 हजार देने के लिए महतारी वंदन योजना भी लाई गई। इस योजना के लिए श्री मंडाविया के निर्देश पर प्रदेश भर में 50 लाख से ज्यादा फार्म भी भाजपा ने भरवा लिए। जहां तक इन सब योजनाओं का सवाल है तो इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व को सहमत करने का सबसे बड़ा काम भी श्री मंडाविया ने किया। इन योजनाओं ने ही प्रदेश में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाया और भाजपा को अंत में प्रचंड जीत मिली है।

Related Articles

Back to top button