धरती से 500 किलोमीटर ऊपर टुकड़ों में बंट गया चीनी रॉकेट, वैज्ञानिक ने बताई रहस्यमयी घटना

चीन लगातार रॉकेट पे रॉकेट छोड़ रहा है. कभी स्पेस स्टेशन बनाने के लिए, कभी सैटेलाइट लॉन्च करने के लिए. रॉकेट अंतरिक्ष में अपना काम करके बेपरवाह हो जाते हैं. उन पर चीन का नियंत्रण नहीं रहता. अभी दो दिन पहले 12 नवंबर को धरती से 500 किलोमीटर ऊपर लोअर अर्थ ऑर्बिट में चीन का एक रॉकेट 50 टुकड़ों में बंट गया. अमेरिकी स्पेस फोर्स ने चीन के लॉन्ग मार्च 6 ए के टूटने की पुष्टि की है. रॉकेट के इन टुकड़ों को आप स्पेस जंक या अंतरिक्ष का कचरा कह सकते हैं और ये कचरा उसी ऊंचाई पर तैर रहा है जहां स्पेसएक्स स्टारलिंक के कई सैटेलाइट मौजूद हैं और उसके ऊपर अंतरिक्ष स्टेशन है. कैलिफोर्निया के वैंडेनबर्ग स्पेस फोर्स बेस में 18वें स्पेस डिफेंस स्क्वाड्रन ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी. लॉन्ग मार्च 6A रॉकेट शुक्रवार को युनहाई-3 अर्थ ऑब्ज़र्विंग रिसर्च सैटेलाइट लेकर अंतरिक्ष गया था. खगोलविद सीस बासा ने ट्वीट किया कि लगता है कि रॉकेट बॉडी युनहाई-3 पेलोड भेजने के तुरंत बाद फेल हो गई, क्योंकि लॉन्च के बाद के घंटों में अमेरिका के ऊपर, लगातार 2 बार रॉकेट से ईंधन का रिसाव देखा गया था. सीस बासा ने कई टुकड़ों को देखा था. सभी टुकड़े तेजी से बिखर रहे थे, जो बहुत अलग तरह के फ्लैश पैटर्न दे रहे थे।



