बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिन्दुओं पर अत्याचार के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिन्दुओं पर अत्याचार के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन

नई दिल्ली। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में पूरे देश में आक्रोश है। इसको लेकर मंगलवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल और असम समेत देशभर में प्रदर्शन किया गया। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस पर बांग्लादेश हिन्दू रक्षा संघर्ष समिति के तत्वावधान में आयोजित प्रदर्शन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, भारतीय जनता पार्टी, अधिवक्ता परिषद, अखिल भारतीय संत समिति, दिल्ली सिविल सोसाइटी और तमाम हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस प्रदर्शन में साधु-संतों ने भी हिस्सा लिया।

प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिन्दुओं की रक्षा को लेकर भारत सरकार और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से हस्तक्षेप की अपील की। नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग के निकट तीन मूर्ति चौक पर दिल्ली सिविल सोसाइटी के साथ दो सौ से अधिक सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों ने प्रदर्शन किया। इसमें कई प्रतिष्ठित संतों और ख्यातिलब्ध हस्तियों, पूर्व पुलिस, पूर्व सैन्य और पूर्व न्यायिक अधिकारियों ने केन्द्र सरकार से हिन्दुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की और बांग्लादेश को इस मुद्दे पर चेताया।

विरोध मार्च के दौरान  हिन्दुओं का नरसंहार बंद करो, नहीं सहेंगे अब अत्याचार बांग्लादेश कर ले विचार जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग और एमनेस्टी इंटरनेशनल पर हिन्दुओं पर अत्याचार को लेकर उनके रवैए पर सवाल उठाया।

Related Articles

Back to top button