सुशील बोले- भाजपा का चक्का जाम बेशर्मी और अवसरवादिता का नमूना

रायपुर. प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, भाजपा द्वारा नक्सल घटनाओं को लेकर किया गया चक्का जाम भाजपा की बेशर्मी और अवसरवादिता का नमूना है। 15 सालो तक नक्सलवाद को बढ़ावा देने वाले नक्सलवादी घटना पर चक्का जाम करने की नौटंकी कर रहे हैं।
श्री शुक्ला ने कहा, दलगत आधार पर सुरक्षा देना और सुरक्षा हटाना भाजपा की मानसिकता रही है। कांग्रेस पार्टी के लिए हर नागरिक की सुरक्षा देना और हर नागरिक का जीवन अनमोल है। भाजपा की तरह कांग्रेस दोहरी मानसिकता से काम नहीं करती। भाजपा की सरकार ने कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा को सुरक्षा नहीं दिया था। जिसके कारण कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की पूरी पीढ़ी की हत्या हो गई थी। भाजपा के शासनकाल में 15 साल में 118 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं नेताओं की हत्या हुई थी। तब भाजपा की संवेदनशीलता और नैतिकता कहा गई थी। भाजपा नेताओं की हत्या निंदनीय है। लेकिन भाजपा का अपने ही नेताओं की लाश पर राजनीति करना घृणित है।
श्री शुक्ला ने कहा, कांग्रेस की सरकार बनने के बाद राज्य के नक्सल घटनाओं में 80 प्रतिशत तथा नक्सल हत्या में 50 प्रतिशत की कमी आई है।



