भूपेश बोले- आदि पुरुष काे भाजपा ने ही किया प्रमोट, राजनीति और व्यापार के लिए कर रहे राम नाम का इस्तेमाल

रायपुर(realtimes) फिल्म आदि पुरुष काे लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। इसको लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लगातार हमला कर रहे हैं। अब उनका एक नया बयान सामने आया है जिसमें उन्होंने भाजपा के लोगों पर फिल्म काे प्रमोट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने भाजपा पर भगवान राम के नाम का राजनीति और व्यवसाय के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, चुनाव आते ही भाजपा को भगवान राम की याद आती है। भाजपा की क्रोनोलॉजी मैंने कल बताई कि मर्यादा पुरुषोत्तम राम को किस प्रकार से युद्धक राम बनाए, किस प्रकार से हनुमानजी को भी ये लोग एंग्री बर्ड बनाए। आज मुख्यमंत्री निवास में संवाददाताओं से चर्चा में उन्होंने कहा, फिल्म में उत्तर प्रदेश और असम के मुख्यमंत्री के साथ ही भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया है। इसका मतलब यह है, यह पिक्चर भारतीय जनता पार्टी के लोगों द्वारा बनाई गई है, इसलिए आज सभी भारतीय जनता पार्टी के लोग मौन हैं। इनका नाता केवल राजनीति से है, व्यवसायीकरण से है। हमारे तो आराध्य और आस्था के केंद्र हैं, इनके लिए राजनीति का विषय हैं। भगवान राम हों या हनुमानजी, ये लोग राजनीति और व्यवसाय के लिए इनका उपयोग कर रहे हैं। हम इसकी निंदा करते हैं।
रामायण के पात्रों को विकृत करने का काम
मुख्यमंत्री ने कहा, अभी पिक्चर रिलीज हुई, इससे हम सबकी आस्था को धक्का लगा है। हमारे रामायण के जितने भी पात्र हैं, उन्हें खंडित करने की कोशिश की गई है। जो हमारी आस्था, हमारे जनमानस में जो छवि बनी हुई है रामायण के पात्रों की, उन्हें विकृत करने का काम योजनाबद्ध तरीके से कर रहे हैं। किसी दूसरे धर्म के लोगों ने फिल्म बनाई होती तो अभी तक बजरंग दल के लोग आग लगाते, थिएटर जलाते, निर्माता-निर्देशक दूसरे धर्म के होते तो पता नहीं ये क्या कर डालते।
नाेट घोटाले पर चुप्पी
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि 88 हजार करोड़ के नोट गायब हो गए। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा, भारत सरकार मौन है। 500 के नोट गायब हैं, मैंने सोशल मीडिया पर देखा है। ये तो बड़ा घोटाला है। हालांकि अब इस मामले में आरबीआई की ओर से कहा गया है ये बातें आरटीआई से मिली सूचना की गलत व्याख्या के कारण फैलीं।
मोदी छाेड़ अब याेगी की राह
उन्होंने कहा, अब देश में पीएम मोदी का असर कम हो रहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव बुलडोजर की बात कर रहे हैं। इन्हें मोदी पर भरोसा नहीं रहा, इसलिए योगी की राह पकड़ रहे हैं। भाजपा खुद स्वीकारती है कि मोदी का असर कम हो गया। हिमाचल और कर्नाटक की जनता ने मोदी के चेहरे को नकार दिया। अब स्थानीय नेताओं का दिमागी संतुलन गड़बड़ा चुका है, इसलिए भाजपा बिना चेहरे के चुनाव लड़ने की बात करती है।



