राष्ट्रहित हमारे लिये सबसे ऊपर: प्रधानमंत्री

- ट्रंप का लिये बगैर ‘डेड इकोनॉमी’ वाले बयान पर पीएम मोदी का पलटवार
- दस करोड़ किसान खातों में 21,000 करोड़ स्थानांतरित
- पीएम ने व्यापारियों से स्वदेशी माल ही बेचने का अनुरोध किया
- मोदी ने साधा सपा और कांग्रेस पर निशाना
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से बिना नाम लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी कहा कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। ट्रंप ने टैरिफ का ऐलान करते हुए भारत की अर्थव्यवस्था को डेड इकोनॉमी बताया था। विश्व की अस्थिर अर्थव्यवस्था के प्रति चिंता जताते हुये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि हमारे किसान, हमारे लघु उदयोग, हमारे नौजवानों के रोजगार, इनका हित हमारे लिये सबसे ऊपर है। उन्होंने आगे कहा, इसलिए अब हम उन वस्तुओं को खरीदेंगे, जिसे बनाने में किसी न किसी भारतीय का पसीना बहा है। प्रधानमंत्री ने करीब 53 मिनट के अपने भाषण के अंतिम छह मिनट में भारत की अर्थव्यवस्था और स्वदेशी का उल्लेख किया।
मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा,आज जब हम आर्थिक प्रगति की बात कर रहे है, तो मैं आपका ध्यान वैश्विक हालात पर ले जाना चाहता हूं। आज दुनिया की अर्थव्यवस्था कई आशंकाओं से गुजर रही हैं। अस्थिरता का माहौल है। ऐसे में दुनिया के देश अपने-अपने हितों पर ध्यान दे रहे है। पीएम मोदी ने कहा भारत भी दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। इसलिये भारत को भी अपने आर्थिक हितों को लेकर सजग रहना ही है। हमारे किसान, हमारे लघु उदयोग, हमारे नौजवानों के रोजगार, इनका हित हमारे लिए सर्वोपरि हैं। सरकार इस दिशा में हर प्रयास कर रही है।
लेकिन देश के नागरिक के रूप में भी हमारे कुछ दायित्व है। यह बात सिर्फ मोदी नहीं, हिंदुस्तान के हर व्यक्ति को दिन में हर पल बोलते रहना चाहियें। उन्होंने कहा, कोई भी राजनीतिक दल हो, कोईै भी राजनेता हो, उसे अपने संकोच को छोड़कर के देशहित में देशवासियों के अंदर स्वदेशी के संकल्प का भाव जगाना होगा। प्रधानमंत्री ने कहा, हम उन वस्तुओं को खरीदेंगे, जिसे बनाने में किसी न किसी भारतीय का पसीना बहा है। वह वस्तु भारत के लोगों ने बनाई है, भारत के लोगों के कौशल से बनी है। भारत के लोगों के पसीने से बनी है। हमें ‘वोकल फार लोकल’ मंत्र को अपनाना होगा।
पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारे घर में जो भी नया सामान आयेगा, वह स्वदेशी ही होगा। यह जिम्मेदारी हर देशवासी को लेनी होगी। उन्होंने व्यापारियों से स्वदेशी माल ही बेचने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा स्वदेशी माल बेचने का संकल्प भी देश की सच्ची सेवा है। त्योहारों के महीने आने वाले हैं। उसके बाद शादियों का सीजन है। इस दौरान स्वदेशी वस्तुओं को ही खरीदना चाहिए। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का श्रेय सैन्य बलों के साथ देश की एकता के जज्बे को देते हुये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आतंकियों और उनके रहनुमा का सामना करते समय भारत शिव के रुद्र रूप में सामने आता है। अपने संसदीय क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी ने यहां लगभग 2183.45 करोड़ की 52 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर सेवापुरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुये उन्होने कहा कि जो भारत पर संप्रभुता पर वार करेगा, वह कहीं नहीं बचेगा।
पीएम ने कहा कि पिछली सरकारें घोषणाएं तो करती थीं, लेकिन उन्हें पूरा नहीं करती थीं। भाजपा सरकार जो कहती है, वह करती है। पीएम मोदी ने कहा जब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि शुरू हुई, तो सपा और विपक्षी दल अफवाहें फैलाते थे कि जमा पैसा मोदी निकाल लेगा। ये लोग झूठ बोलते हैं। इस योजना के तहत अब तक साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक किसानों के खातों में जमा किए जा चुके हैं।
उत्तर प्रदेश के ढाई करोड़ किसानों को 90,000 करोड़ रुपये और काशी के किसानों को 900 करोड़ रुपये मिले। उन्होंने कहा कि कम कृषि उत्पादन वाले क्षेत्रों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। एनडीए सरकार किसानों के जीवन में बदलाव के लिए पूरी ताकत से काम कर रही है। मौसम की चुनौतियों से निपटने के लिए पीएम फसल बीमा योजना शुरू की गई, जिसके तहत डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक का क्लेम दिया जा चुका है। कृषि अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर है।



