
रायपुर(realtimes) राजधानी रायपुर के साथ पूरे प्रदेश के सहराें में धनतेरस के लिए बाजार पूरी तरह से सजकर तैयार हो गए हैं। आज शाम से खरीदारी का मुर्हूत है यह कल रात तक रहेगा। ऐसे में धनतेरस पर आज और कल बाजार में जमकर धन बरसेगा। वैसे आज की तुलना में कल ज्यादा कारोबार होगा। शनिवार को बहुत से लोग लोहे से जुड़े सामान लेने से परहेज करते हैं। ऐसे में आटोमोबाइल्स और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में शनिवार को कम खरीदारी होगी। लेकिन सराफा बाजार, रीयल एस्टेट के साथ बर्तन, फर्नीचर और दूसरे सेक्टर में जमकर कारोबार होगा। एक अनुमान के मुताबिक दो दिनों में चार हजार करोड़ का कारोबार होने की संभावना है।
धनतेरस को लेकर काफी समय से स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही थी, लेकिन अब पंडितों के मुताबिक धनतेरस शनिवार और रविवार दो दिनों तक पड़ेगी। हालांकि कारोबारी भी यही मान कर चल रहे थे। कारोबारियों में इस बात को लेकर खुशी है कि दो दिनों तक धनतेरस होने के कारण उन पर एक ही दिन का दबाव नहीं रहेगा। हालांकि कारोबार जरूर बंट जाएगा। शनिवार को 30 फीसदी और रविवार को 70 फीसदी कारोबार की उम्मीद की जा रही है।
बिकेंगे 25 हजार वाहन
तेरस के पहले ही प्रदेश में दस हजार से ज्यादा बाइक और हजार से ज्यादा कारों की बुकिंग हो गई है। ज्यादातर लोगों से रविवार के लिए अपने वाहन बुक कराए हैं, क्योंकि शनिवार को लोहा लेना शुभ नहीं माना जाता है। छत्तीसगढ़ ऑटोमोबाइल के अध्यक्ष विवेक गर्ग के मुताबिक इस बार कारोबार पिछले साल से 25 से 30 फीसदी ज्यादा होगा। सात से आठ सौ करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है। जीके होंडा के पुनीत पारवानी के मुताबिक 25 हजार वाहन पूरे प्रदेश में बिकने की संभावना है। इसमें 22 हजार के आस-पास दुपहिया और चार पहिया और कमर्शियल वाहन होंगे।
800 करोड़ का होगा सराफा कारोबार
धनतेरस पर सोने और चांदी की खरीदी शुभ मानी जाती है। शुभ मुहूर्त पर सुबह से लेकर रात तक सराफा बाजार में खरीदारी होती है। इस बार दो दिनों तक धनतेरस हेने से कारण दो दिनों तक जमकर खरीदारी हाेगी। पिछले साल से 25 फीसदी तक कारोबार ज्यादा होने का अनुमान है। पिछले साल छह सौ करोड़ का कारोबार पूरे राज्य में हुआ था। इस बार यह आंकड़ा 800 करोड़ तक जाने की संभावना है। सोने और चांदी के गहनों के साथ सोने के बिस्कुट, सोने की सिल्ली, सोने के सिक्कों के साथ चांदी की लक्ष्मी, गणेश, अष्ट लक्ष्मी लोटा, श्रीयंत्र, कुबेर यंत्र के साथ चांदी के सिक्कों की जमकर खरीदारी होगी। सराफा कारोबारी लक्ष्मी नारायण लाहोटी के मुताबिक लोगों ने धनतेरस के साथ ही शादियों के लिए भी खरीदारी करेंगे ऐसे में कारोबार ज्यादा होगा।
इलेक्ट्रानिक्स-मोबाइल बाजार भी तैयार
मोबाइल और इलेक्ट्रानिक्स बाजार में भी लाेगों ने अपनी पसंद के मोबाइल के साथ इलेक्ट्राॅनिक्स सामान की भी दो दिनों तक जमकर खरीदारी होगी। इस समय सबसे ज्यादा क्रेज बड़ी स्क्रीन वाली एलईडी का है। इसमें चल रहे ऑफरों के कारण 40 से 65 इंच तक के एलईडी ज्यादा बिकेंगे। इनकी कीमत कम होने से इसके प्रति लोगों का रुझान है। इसके अलावा फ्रीज, वाशिंग मशीन, एसी, इलेक्ट्रॉनिक चिमनी, ओवन कई वैरायटी में बाजार में है। लैपटॉप, कंप्यूटर, होम थिटेयर भी कई तरह के आए हैं। मोबाइल के भी कई मॉडल बाजार में हैं।
मकान, प्लाट भी बिकेंगे
रीयल एस्टेट में नवरात्रि और पुष्य नक्षत्र के बाद धनतेरस पर भी थोक में मकान बिकेंगे। इस समय राजधानी रायपुर में ही सबसे ज्यादा योजनाएं चल रही हैं। यहां पर एक ही दिन में दो से ढाई सौ करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है। प्रदेश के दूसरे शहरों को मिलाकर करीब छह सौ करोड़ का कारोबार आसानी से होने की संभावना है।
बर्तन, फर्नीचर बाजर भी रहेंगे बूम
धनतेरस पर सोने, चांदी, वाहन, मकान के साथ ही बर्तनों की भी खरीदी को शुभ माना जाता है। इसकी बहुत ज्यादा खरीदारी होती है। छोटे और मध्यम वर्ग के लोग बर्तन ज्यादा लेते हैं। कांसे, स्टील के साथ तांबे के भी बर्तन बिकते हैं। इस बार बाजार में पीतल की तरह की ताबें की गुंडी आई है। इसी के साथ कई तरह के नए बर्तन बाजार में आए हैं। इनमें इंडेकशन के साथ चूल्हे में भी इस्तेमाल होने वाले बर्तन थोक में बाजार में आए हैं। इसी के साथ किचन के काम आने वाला गैसे चूल्हे, मिक्सी, इंडेकशन चूल्हों, डाइनिंग सेट की भी जमकर कई डिजाइन में आए हैं। इसी के साथ लड़की, स्टील और प्लास्टिक के फर्नीचरों का जमकर काराेबार होगा।



