7 जुलाई को साइंस कॉलेज मैदान में होगी मोदी की आम सभा - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

7 जुलाई को साइंस कॉलेज मैदान में होगी मोदी की आम सभा

प्रधानमंत्री बनने के बाद छत्तीसगढ़ का होगा दसवां दौरा

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के शासनकाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2019 के लोकसभा चुनाव को छोड़कर कोई दौरा नहीं हुआ है। लेकिन अब चुनावी साल में उनकी एक बड़ी सभा साइंस कॉलेज रायपुर के मैदान में 7 जुलाई को होगी। इसकी तैयारी प्रदेश भाजपा संगठन ने प्रारंभ कर दी है।

प्रधानमंत्री कार्यालय से नरेंद्र मोदी के आने की सूचना मिलने के बाद भाजपा ने उनकी सभा को लेकर स्थान तय करने का फैसला शुक्रवार को किया। उनका सभा के लिए जोरा का मैदान या फिर साइंस कॉलेज मैदान का विकल्प था। प्रदेश संगठन ने साइंस कॉलेज के मैदान को फाइनल कर दिया है। श्री मोदी की सभा सुबह के समय होगी।
पहले 9 बार आ चुके हैं छत्तीसगढ़
प्रधानमंत्री बनने के बाद श्री मोदी अब तक 9 बार छत्तीसगढ़ आए हैं। प्रधानमंत्री पहली बार 9 मई 2015 को छत्तीसगढ़ के दौरे में दंतेवाड़ा आए थे, जहां उनकी उपस्थिति में 24 हजार करोड़ रुपए की रेल मार्ग परियोजना और लौह अयस्क प्रसंस्करण संयंत्रों की परियोजनाओं के लिए एमओयू हुआ था। श्री मोदी ने दंतेवाड़ा के पास ग्राम जावंगा स्थित एजुकेशन सिटी का भी दौरा किया था। श्री मोदी सात साल पहले पहली बार रायपुर आए थे। 21 फरवरी 2016 को नया रायपुर और ग्राम कुरूभाट (विकासखंड-डोंगरगढ़), जिला राजनांदगांव में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। नया रायपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 40 हजार मकानों की बड़ी परियोजना और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का शिलान्यास किया था। श्री मोदी ने राजनांदगांव जिले के कार्यक्रम में देश के गांवों को शहरों जैसी बुनियादी सुविधाएं देने के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृति में रूर्बन मिशन का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ किया था। इसी साल श्री मोदी तीसरी दौरा एक नवंबर 2016 को हुआ था, जब वे रायपुर आए थे। उन्होंने नया रायपुर में राज्योत्सव का शुभारंभ किया था।
2018 में भी आए रायपुर
श्री मोदी 2018 में विधानसभा के चुनावी साल में तीन बार छत्तीसगढ़ आए। आंबेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल 2018 को श्री मोदी बीजापुर जिले के ग्राम जांगला आए थे और वहां उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत पूरे देश के लिए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की योजना तथा राष्ट्रव्यापी ग्राम स्वराज अभियान का शुभारंभ किया था। इसके बाद श्री मोदी ने 14 जून 2018 को नया रायपुर और भिलाई नगर का दौरा किया था। श्री मोदी ने नया रायपुर में नागरिक सेवाओं की ऑनलाइन निगरानी और उनके सुव्यवस्थित संचालन के लिए एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र का शुभारंभ किया था और भिलाई नगर में आयोजित प्रदेशव्यापी विकास यात्रा के समापन कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे। श्री मोदी इस साल तीसरी बार 28 सितंबर काे जांजगीर चांपा के दौरे पर आए।
2019 में तीन बार आए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा के चुनावी साल 2019 में तीन बार छत्तीसगढ़ का दौरा किया और यहां पर चुनावी सभाएं करके भाजपा को जीत दिलवाने का अहम काम किया। सबसे पहले 8 फरवरी को श्री मोदी की रायगढ़ में सभा हुई। इसके बाद 6 अप्रैल को बालोद जिले के हथौद गांव में श्री मोदी ने चुनावी सभा को संबोधित किया। कांकेर, महासमुंद और राजनांदगांव सहित आस-पास के संसदीय क्षेत्रों के भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने का काम किया। श्री मोदी का अंतिम बार छत्तीसगढ़ का दौरा 16 अप्रैल 2019 को हुआ। इस दौरे में उन्होंने कोरबा के साथ ही भाटापारा में चुनावी सभा ली।

Related Articles

Back to top button